‘बिहार में नहीं है डबल इंजन सरकार, सब कुछ दिल्ली से नियंत्रित होता है’: प्रियंका गांधी

बेगूसराय, एक नवंबर : कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को बिहार में बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर केंद्र और राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकारों को घेरते हुए कहा कि बिहार में ‘‘डबल इंजन सरकार’’ नहीं, बल्कि ‘‘एक ही इंजन की सरकार’’ है, क्योंकि ‘‘सब कुछ दिल्ली से नियंत्रित किया जाता है।’’

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बेगूसराय में आयोजित अपनी पहली चुनावी सभा में प्रियंका ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य, दोनों जगह राजग की सरकारें ‘‘विभाजनकारी राजनीति’’ और ‘‘झूठे राष्ट्रवाद’’ का सहारा लेकर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में कोई डबल इंजन सरकार नहीं है, बल्कि एक ही इंजन है। न तो आपकी सुनी जाती है और न ही आपके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सम्मान होता है।’’ प्रियंका ने बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदतर स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ‘‘राज्य के युवा रोजगार के लिए बाहर जाने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार सिर्फ नारेबाजी में व्यस्त है।’’

कांग्रेस सांसद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान लाखों मतदाताओं के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘मतदान का अधिकार भारतीय संविधान का सबसे बड़ा वरदान है, लेकिन इस सरकार ने 65 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाकर लोगों के अधिकारों का हनन किया है।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘यह मतदाताओं की आवाज़ दबाने और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश है।’’

प्रियंका ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘पहले उन्होंने समाज को बांटा, फिर लोगों में लड़ाई करवाई, और अब जब जनता असली मुद्दों पर सवाल पूछ रही है, तो वे वोट चुराने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने राजग नेताओं के भाषणों की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘जब ये नेता बिहार आते हैं तो या तो 20 साल आगे की बातें करते हैं या फिर नेहरू-इंदिरा जी की आलोचना करते हैं, लेकिन बेरोजगारी और पलायन पर एक शब्द नहीं बोलते।’’

कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘मैं भी अतीत की बात करती हूं — देश में कारखाने किसने लगाए, आईआईटी और आईआईएम किसने बनाए? इसका उत्तर है — कांग्रेस और पंडित नेहरू जी।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ‘‘विभाजनकारी राजनीति और झूठे राष्ट्रवाद’’ के जरिए चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है, जबकि जनता के असली मुद्दों की अनदेखी की जा रही है।

प्रियंका ने कहा कि बिहार ने देश के विकास में बड़ा योगदान दिया है, लेकिन आज यह राज्य अपने योग्य विकास से वंचित है। उन्होंने निजीकरण को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने बड़े सार्वजनिक उपक्रमों को अपने उद्योगपति मित्रों को सौंप दिया है।’’

सभा के अंत में प्रियंका ने जनता से अपील की, ‘‘सरकार के झूठे वादों में मत फंसिए, अपने भविष्य के लिए सचेत होकर मतदान कीजिए।’’

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *