बिहार मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा: भाजपा के सम्राट चौधरी को मिला गृह विभाग

पटना, 21 नवंबर। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा किया। इस बार की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गृह विभाग का जिम्मा सौंपा गया, जो पहली बार है कि भाजपा के किसी नेता को बिहार में गृह विभाग दिया गया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी), कैबिनेट सचिवालय, निगरानी और चुनाव विभाग अपने पास रखे हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह स्पष्ट किया कि गृह विभाग अब उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की देखरेख में रहेगा। इससे पहले नीतीश कुमार के सभी कार्यकाल में गृह विभाग उनके पास ही रहा है।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को गांधी मैदान, पटना में 10वीं बार शपथ ली थी। शपथ ग्रहण के साथ ही 26 मंत्रियों ने भी अपने-अपने पदों की जिम्मेदारी संभाली। गृह विभाग के बंटवारे को लेकर भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) समेत एनडीए के विभिन्न घटक दलों के बीच काफ़ी खींचातानी चल रही थी।

कैबिनेट विभाग की अधिसूचना के अनुसार अन्य विभागों का बंटवारा इस प्रकार हुआ है: भाजपा के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को भूमि एवं राजस्व विभाग और खान एवं भू-तत्व विभाग दिया गया है। मंगल पांडे को स्वास्थ्य विभाग और विधि विभाग, दिलीप जायसवाल को उद्योग विभाग, नितिन नवीन को पथ निर्माण एवं नगर विकास एवं आवास विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

कृषि विभाग का प्रभार रामकृपाल यादव, श्रम संसाधन विभाग संजय टाइगर, पर्यटन विभाग और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग अरुण शंकर प्रसाद को सौंपा गया। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के प्रभारी सुरेंद्र मेहता, आपदा प्रबंधन विभाग नारायण प्रसाद, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग रमा निषाद और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग लखेन्द्र पासवान को दिया गया।

सूचना प्रौद्योगिकी और खेल विभाग की जिम्मेदारी श्रेयसी सिंह, सहकारिता विभाग और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग प्रमोद चंद्रवंशी को दी गई। जनता दल यूनाइटेड के कोटे से विजय चौधरी को जल संसाधन, भवन निर्माण और संसदीय कार्य विभाग, बिजेंद्र यादव को वित्त, वाणिज्यकर, ऊर्जा और योजना विकास विभाग सौंपा गया।

ग्रामीण विकास का विभाग श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य अशोक चौधरी, खाद्य उपभोक्ता लेशी सिंह, समाज कल्याण मदन सहनी, अल्पसंख्यक कल्याण जमा खान और लोजपा (रामविलास) से संजय कुमार को गन्ना उद्योग तथा संजय सिंह को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग का प्रभार दिया गया।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के दीपक प्रकाश को पंचायती राज और हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (हम) के संतोष कुमार सुमन को लघु जल संसाधन विभाग का जिम्मा मिला।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *