बिहार चुनाव में आज से महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन: राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की साझा रैली, भाजपा ने कसा तंज

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद आज से राज्य का सियासी माहौल और गर्म होने जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव बुधवार को पहली बार एक मंच से चुनावी बिगुल फूंकने जा रहे हैं। दोनों नेता आज मुजफ्फरपुर जिले के सकरा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस मंच पर उनके साथ वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहेंगे।

महागठबंधन ने मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी करने के बाद आज से चुनावी अभियान को गति देने का ऐलान किया था। सकरा की यह जनसभा महागठबंधन के लिए बेहद अहम मानी जा रही है। कांग्रेस उम्मीदवार उमेश कुमार राम (सकरा सीट) और नगर विधानसभा से मौजूदा विधायक विजेंद्र चौधरी भी इस दौरान मंच पर रहेंगे। सभा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस, राजद और वीआईपी के कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं।

राहुल गांधी की यह बिहार में पहली जनसभा है और इसे लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, रैली के बाद राहुल गांधी दरभंगा में भी चुनावी सभा करेंगे, जहां वे पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करेंगे।

इस बीच, भाजपा ने राहुल गांधी के इस दौरे पर तंज कसा है। पार्टी के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा कि “करीब दो महीने बाद राहुल गांधी बिहार आए हैं। कोलंबिया में छुट्टियां मनाने और वीडियो ब्लॉग बनाने में व्यस्त रहने वाले राहुल को न बिहार की चिंता है, न गठबंधन की।” भाजपा ने महागठबंधन की रैली को “राजनीतिक अवसरवाद” बताया।

राहुल और तेजस्वी की यह साझा रैली आगामी चरणों के चुनाव प्रचार का शंखनाद मानी जा रही है। दोनों नेता एकजुटता का संदेश देने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर तीखे हमले करने की तैयारी में हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *