बिहार को तेजस्वी के रूप में युवा, ऊर्जावान मुख्यमंत्री मिलेगा : अखिलेश यादव

रायपुर, 9 नवंबर : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि बिहार में बदलाव की बयार बह रही है और वहां चल रहे विधानसभा चुनावों में ‘इंडिया’ गठबंधन जीत की ओर अग्रसर है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव को राज्य का अगला मुख्यमंत्री देखना चाहती है।

ओडिशा रवाना होने से पहले रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में यादव ने कहा, “बिहार में जनता का मूड साफ है। लोग तेजस्वी यादव जैसे युवा और ऊर्जावान नेता को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।”

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं जो कह रहा हूं, वह आपके कैमरे में दिख रही सच्चाई से कम नहीं। कैमरा असली जनसमर्थन को कैद कर रहा है। बिहार एक बदलाव की ओर बढ़ रहा है और एक नया, ऊर्जावान मुख्यमंत्री चुनने जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि बिहार में राजद नीत महागठबंधन और ‘इंडिया’ गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं और उनकी सफलता चुनावों के बाद राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन को और मजबूती प्रदान करेगी।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को हुआ था, जबकि दूसरा और अंतिम चरण 11 नवंबर को होगा। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश ने कहा, “आज तेजस्वी यादव का जन्मदिन है और आज ही बिहार में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन भी है। जनता उन्हें पूरी तरह समर्थन दे रही है। बिहार को एक नया युवा मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की “घुसपैठियों” संबंधी टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “भाजपा घुसपैठियों से ज्यादा घूस पर ध्यान देती है। वह 11 साल से ज्यादा समय से सत्ता में है। अगर घुसपैठिए आए हैं, तो जिम्मेदार कौन है? भाजपा खुद। उसे बताना चाहिए कि 2014 से पहले कितने घुसे और उसके बाद कितने आए।”

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनावों में भाजपा को खारिज कर दिया, क्योंकि उसने पिछड़े वर्गों, दलितों, आदिवासियों, ईसाइयों और मुसलमानों सहित अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव किया। उन्होंने कहा, “ये सभी तबके ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के बैनर तले एकजुट हुए और भाजपा को सबक सिखाया।”

अखिलेश यादव ने परोक्ष रूप से फैजाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा की हार का उल्लेख करते हुए कहा, “भाजपा डबल इंजन की सरकार की बात करती है, लेकिन जनता ने उसे वहीं हराया, जहां उसकी सांप्रदायिक राजनीति की शुरुआत हुई थी — अयोध्या में।”

देशभर में पार्टी के विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अब राष्ट्रीय पार्टी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “हम छत्तीसगढ़ में अपने प्रयास जारी रखेंगे और ओडिशा के नुआपाड़ा उपचुनाव के जरिए राज्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। आने वाले वर्षों में सपा ओडिशा में अपना संगठनात्मक आधार मजबूत करेगी।”

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *