बदायूं में सील बंद मेंथा फैक्टरी में तीन सुरक्षा गार्डों की दम घुटने से मौत, परिजनों का हंगामा

बदायूं में सील बंद मेंथा फैक्टरी में तीन सुरक्षा गार्डों की दम घुटने से मौत, परिजनों का हंगामा

बदायूं (उप्र), 13 जनवरी । बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के गांव कूड़ा नरसिंहपुर स्थित एक सील बंद मेंथा फैक्टरी में तैनात तीन सुरक्षा गार्डों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद फैक्टरी परिसर में पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह मेंथा ऑयल फैक्टरी बीते वर्ष आग लगने की एक बड़ी घटना के बाद प्रशासन द्वारा सील कर दी गई थी। इसके बावजूद फैक्टरी परिसर में सुरक्षा गार्ड तैनात थे। सोमवार देर शाम तीनों सुरक्षा गार्ड फैक्टरी परिसर में बने गार्ड रूम में कोयले वाली अंगीठी जलाकर कमरा बंद कर सो गए थे।

मंगलवार सुबह तीनों गार्ड कमरे में अचेत अवस्था में पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मौके पर दो गार्ड मृत पाए गए, जबकि तीसरे की हालत गंभीर थी। उसे उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान जुगेन्द्र (32), भानु (22) और विवेक (27) के रूप में हुई है। तीनों फैक्टरी में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन फैक्टरी पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का दावा है कि तीनों के शरीर पर चोट के निशान हैं और उनके साथ मारपीट कर हत्या की गई है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया।

उझानी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतकों के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) विजेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार सुसंगत कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को दम घुटने से हुई मौत और परिजनों के लगाए गए हत्या के आरोप—दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *