नयी दिल्ली, 26 जनवरी । रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ और सनी देओल अभिनीत ‘बॉर्डर 2’ की बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता के बाद फिल्म निर्माता करण जौहर ने कहा है कि इससे यह साबित हो गया है कि “बॉलीवुड की वापसी हो चुकी है।”
करण जौहर ने रविवार को सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि हाल के दिनों में लगातार दो बड़ी हिंदी फिल्मों की सफलता इस बात का संकेत है कि हिंदी फिल्म उद्योग एक बार फिर मजबूत स्थिति में लौट आया है। उन्होंने लिखा, “हाल ही में लगातार दो बड़ी हिंदी फिल्मों की सफलता एक बात साबित करती है… बॉलीवुड वापस आ गया है। आलोचकों की बातें बेकार हैं। जब ये फिल्में दर्शकों के दिलों को छूती हैं, तो उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित होते हैं।”
आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर’ पांच दिसंबर 2025 को रिलीज हुई थी। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, सारा अर्जुन, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल अहम भूमिकाओं में नजर आए। इस फिल्म ने दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाया है। ‘धुरंधर’ का दूसरा भाग 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है।
वहीं, अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ वर्ष 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अभिनीत यह फिल्म 23 जनवरी को रिलीज हुई थी और अब तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 129.89 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।
फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता ने किया है। इसमें मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
फिल्मों की इस दोहरी सफलता को हिंदी सिनेमा के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है और उद्योग से जुड़े कई लोगों का मानना है कि दर्शकों का भरोसा एक बार फिर बड़े पर्दे की ओर लौट रहा है।
