दिल्ली में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े दो शार्पशूटर गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल

नयी दिल्ली, 15 जनवरी : दिल्ली पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से कथित तौर पर जुड़े बाइक सवार दो शार्पशूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी राष्ट्रीय राजधानी में हाल में हुई गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में शामिल थे।

दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों ने सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात दो स्थानों पर फायरिंग की थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक नाबालिग है, जबकि दूसरे की पहचान दीपक के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उत्तरी दिल्ली में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद दोनों को पकड़ा गया। उत्तरी जिला के मादक पदार्थ रोधी दस्ते को हिरनकी मोड़ के पास दोनों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में घेराबंदी की गई।

पुलिस ने बताया कि जब आरोपियों को रोकने की कोशिश की गई तो उन्होंने कथित तौर पर पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी दीपक के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका नाबालिग साथी मौके से ही पकड़ लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण वह सुरक्षित रहा।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे अपने आकाओं और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के करीबी सहयोगी रणदीप मलिक के संपर्क में थे।

पुलिस ने बताया कि नाबालिग को हालिया गोलीबारी को अंजाम देने के लिए कथित तौर पर दो लाख रुपये देने का वादा किया गया था, जिसमें से 47,000 रुपये उसकी मां के बैंक खाते में पहले ही जमा कराए जा चुके थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी हाल में बाहरी दिल्ली स्थित एक जिम में हुई फायरिंग और पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर में एक व्यापारी पर हुए हमले में शामिल थे। इन घटनाओं में कथित तौर पर जबरन वसूली के लिए गोलीबारी की गई थी।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *