दिल्ली में भाजपा विधायकों की बैठक पर मणिपुर कांग्रेस का तंज, बताया ‘क्रैश कोर्स’

इंफाल, 15 दिसंबर :कांग्रेस की मणिपुर इकाई के अध्यक्ष के. मेघचंद्र सिंह ने दिल्ली में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मणिपुर विधायकों की बैठक पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि यह बैठक राज्य में लौटकर प्रशासनिक नाकामियों को सही ठहराने के लिए किए जा रहे एक तरह के ‘क्रैश कोर्स’ जैसी है।

मेघचंद्र का यह बयान उस बैठक के एक दिन बाद आया है, जिसमें मणिपुर से भाजपा के 34 विधायकों ने पार्टी के केंद्रीय नेताओं के साथ राज्य में “शांति और प्रगति” के मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मणिपुर में कानून-व्यवस्था बहाल करने के बजाय भाजपा ने अपने विधायकों को “विद्यार्थियों की तरह” दिल्ली भेज दिया है, ताकि वे यह सीख सकें कि राज्य में प्रशासनिक विफलताओं को कैसे जायज ठहराया जाए।

रविवार को नयी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित मणिपुर भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में 30 से अधिक विधायक शामिल हुए। इनमें कुकी-जो समुदाय के दो विधायक भी मौजूद थे। पार्टी की ओर से ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया गया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष और पूर्वोत्तर समन्वयक संबित स्वराज उपस्थित थे तथा चर्चा मणिपुर की शांति और प्रगति पर केंद्रित रही।

गौरतलब है कि मणिपुर में मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जारी जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं। इस वर्ष 13 फरवरी को मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था। हालांकि राज्य विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है, लेकिन फिलहाल इसे निलंबित रखा गया है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में राज्य में जल्द से जल्द सरकार के गठन की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र सरकार से वित्तीय सहायता जुटाने के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया गया।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *