गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी ने 160 परिवारों को सौंपे फ्लैट, दीपावली से पहले मिला आवास का तोहफा

गोरखपुर, 10 अक्टूबर — उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में 160 जरूरतमंद परिवारों को अपना आशियाना सौंपते हुए उन्हें दीपावली का तोहफा दिया। देवरिया बाईपास रोड स्थित ‘पाम पैराडाइज’ आवासीय परियोजना के तहत इन परिवारों को ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) और एलआईजी (निम्न आय वर्ग) फ्लैट्स की चाबियां सौंपी गईं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, परियोजना के तहत 80 फ्लैट ईडब्ल्यूएस और 80 फ्लैट एलआईजी श्रेणी के लाभार्थियों को प्रदान किए गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 118 करोड़ रुपये की 50 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “160 परिवारों को यह दीपावली का शुभ उपहार मिला है। औसतन एक परिवार में पांच से छह सदस्य होते हैं, लिहाजा लगभग 700 से 800 लोग इस योजना से सीधे लाभान्वित हुए हैं।”

योगी आदित्यनाथ ने इसे सिर्फ आवास नहीं, बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ बताया। उन्होंने कहा कि ‘पाम पैराडाइज’ इमारत बेहतरीन स्थान पर स्थित है, जहां रामगढ़ ताल, चिड़ियाघर और खोराबार जैसे पर्यटन स्थलों की नजदीकी है। वहीं पास में सांसद रवि किशन का आवास भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुमंजिला इमारत आधुनिक सुविधाओं से युक्त है और भविष्य में गरीबों, रेहड़ी-पटरी वालों, श्रमिकों, पत्रकारों, शिक्षकों और व्यापारियों के लिए विशेष योजनाएं लाई जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीबों को मुफ्त आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें से 60 लाख से ज्यादा केवल उत्तर प्रदेश में हैं।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *