लखनऊ, 10 नवंबर। दिल्ली में लाल किले के पास हुए भयावह विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उच्च स्तरीय सतर्कता निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण से घटना की जानकारी प्राप्त कर समस्त पुलिस फोर्स को हाई अलर्ट पर रखने और सुरक्षा उपाय सघन करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा समस्त जनपदीय पुलिस अधिकारियों को जारी किए गए निर्देशों में कहा गया है कि सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फील्ड में सक्रिय रूप से उपस्थित रहें, और संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, सार्वजनिक आयोजनों एवं धार्मिक स्थलों का स्वयं निरीक्षण एवं पेट्रोलिंग करें।
महत्त्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील बिंदुओं की सुरक्षा व्यवस्था की पुनः समीक्षा की जाए और थ्रेट असेसमेंट के आधार पर सुरक्षा स्तर को तुरंत बढ़ाया जाए। वाहनों की चेकिंग, मेट्रो, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, मॉल, सिनेमा हॉल और अन्य सार्वजनिक परिवहन एवं भीड़भाड़ केंद्रों पर सघन सतर्कता बरतने के साथ-साथ आम जनता को अनावश्यक असुविधा न हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।
सुरक्षा बढ़ाने के लिए एटीएस, क्यूआरटी (Quick Response Teams), बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को तत्पर मोड में रखा जाएगा। इसके अलावा फुट पेट्रोलिंग और एरिया डोमिनेशन बढ़ाकर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी सघन की जाएगी।
सीसीटीवी फ़ीड्स का रियल-टाइम विश्लेषण किया जाएगा, स्थानीय खुफिया तंत्र और नागरिक सूचना नेटवर्क सक्रिय रहेंगे ताकि संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत रिपोर्टिंग सुनिश्चित हो। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जाएगी।
यूपी 112 पीआरवी को संवेदनशील स्थानों पर निरंतर भ्रमणशील रखा जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे – https://readnownews.in/
