उत्तर प्रदेश: दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का लंबी बीमारी के बाद निधन

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गोंड के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

सोनभद्र (उप्र), आठ जनवरी । उत्तर प्रदेश के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ आदिवासी नेता और आठ बार के विधायक विजय सिंह गोंड का बृहस्पतिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 71 वर्ष के थे। यह जानकारी उनके परिवार ने साझा की।

सपा नेता अवध नारायण यादव ने भी उनके निधन की पुष्टि की और कहा, “विजय सिंह गोंड लंबे समय से बीमार थे और लखनऊ में उपचाराधीन थे। उनका निधन क्षेत्र और आदिवासी समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है।”

गोंड लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार थे और लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में इलाज करवा रहे थे। उनके दोनों किडनियों ने काम करना बंद कर दिया था।

विजय सिंह गोंड 2024 के उपचुनाव में दुद्धी से सपा उम्मीदवार के रूप में विधानसभा पहुंचे थे। यह उपचुनाव उस समय आयोजित हुआ था जब तत्कालीन विधायक रामदुलार गोंड को नाबालिग से बलात्कार के मामले में 25 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।

1980 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत गोंड ने कांग्रेस के टिकट पर की थी और इसी वर्ष पहली बार दुद्धी से विधायक बने। इसके बाद उन्होंने 1985 में कांग्रेस, 1989 में निर्दलीय, और 1991 व 1993 में जनता दल के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीतें। 1996 और 2002 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की और मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा भी प्राप्त किया।

गोंड 2017 और 2022 में भाजपा की मजबूत चुनावी लहर के चलते हार का सामना कर चुके थे। आदिवासी समुदायों के कल्याण और अधिकारों के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाने वाले गोंड को क्षेत्र के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव वाले जमीनी नेता के रूप में देखा जाता था।

अवध नारायण यादव ने कहा कि गोंड का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार शाम तक दुद्धी पहुंचेगा और अंतिम संस्कार कंधार नदी के किनारे किया जाएगा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने गोंड के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *