देहरादून। उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और नए साल की पहली बर्फबारी के साथ ही राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के लगभग सभी ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात हुआ, जबकि निचले और मैदानी इलाकों में लगातार बारिश से कड़ाके की ठंड लौट आई है।
अधिकारियों के अनुसार, राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में सुबह से ही बारिश होती रही, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, मसूरी, चकराता, धनोल्टी और मुनस्यारी जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर भारी बर्फबारी हुई। इसके अलावा नैनीताल के चाइना पीक और किलबरी, अल्मोड़ा के दूनागिरी तथा पौड़ी के ताड़केश्वर जैसे ऊंचे इलाके भी पूरी तरह बर्फ से ढक गए। नैनीताल शहर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।
बर्फबारी से जहां एक ओर स्थानीय लोगों, कारोबारियों और पर्यटकों के चेहरे खिल उठे, वहीं दूसरी ओर इसका असर जनजीवन पर भी पड़ा। सोशल मीडिया पर हिमपात के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें सड़कें, पेड़ और मकान सफेद चादर में लिपटे दिखाई दे रहे हैं। मसूरी की मॉल रोड और अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेते नजर आए।
लंबे समय से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे किसानों, सेब उत्पादकों और बागवानों के लिए यह मौसम राहत लेकर आया है। हालांकि लगातार बारिश और हिमपात के कारण कई इलाकों में यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
चमोली जिले में औली स्थित नेशनल स्कीइंग सेंटर को जाने वाला जोशीमठ–औली मार्ग और रुद्रप्रयाग–पोखरी–गोपेश्वर मार्ग बर्फ जमने के कारण बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने इन मार्गों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। चमोली जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उत्तरकाशी जिले में बड़कोट, पुरोला और मोरी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण राड़ीटॉप के पास बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे पूरी यमुना घाटी देर शाम तक अंधेरे में डूबी रही। बिजली व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
मौसम विभाग ने राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।
बर्फबारी और बारिश के चलते प्रदेश में ठंड काफी बढ़ गई है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। अधिकतर इलाकों में दिन के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस रह गया, जो एक दिन पहले की तुलना में 12 डिग्री कम है। मसूरी में अधिकतम तापमान में 11.5 डिग्री और मुक्तेश्वर में करीब आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
इस बीच, ठंड और शीतलहर को देखते हुए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
