कोलकाता, आठ जनवरी । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी राजनीतिक परामर्श कंपनी ‘आई-पैक’ के कार्यालय पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के विरोध में शुक्रवार को कोलकाता में विरोध मार्च का नेतृत्व करेंगी। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर दो बजे जादवपुर आठ-बी बस स्टैंड से हाजरा मोड़ तक मार्च का नेतृत्व करेंगी। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने ईडी की इस कार्रवाई को ‘राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताते हुए आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को डराना और दबाव में लेना है।
आई-पैक तृणमूल कांग्रेस को राजनीतिक परामर्श देने के साथ-साथ उसके आईटी और मीडिया संचालन का भी प्रबंधन करता है। ईडी ने बृहस्पतिवार को कोलकाता में आई-पैक से जुड़े दो स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था।
छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी अचानक आई-पैक के प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर पहुंच गई थीं। इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी तृणमूल कांग्रेस के आंतरिक दस्तावेजों, हार्ड डिस्क और चुनावी रणनीति से जुड़े संवेदनशील डिजिटल डेटा को जब्त करने का प्रयास कर रही है।
परिसर से बाहर निकलते हुए मुख्यमंत्री ने ईडी पर केंद्र सरकार के इशारे पर राज्य की सत्ताधारी पार्टी को ‘परेशान’ करने का आरोप लगाया और कहा कि तृणमूल कांग्रेस इस तरह के दबाव से डरने वाली नहीं है।
