मेलबर्न, 18 जनवरी । विश्व के नंबर एक खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज और एरीना सबालेंका ने सीधे सेटों में जीत दर्ज करते हुए रविवार को यहां ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। हालांकि, सबसे उम्रदराज खिलाड़ी का रिकॉर्ड बनाने वाली वीनस विलियम्स को जीत के करीब पहुंचने के बावजूद पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।
मेलबर्न पार्क में टूर्नामेंट के पहले दिन 1,00,763 दर्शक मैच देखने पहुंचे, जो एक नया रिकॉर्ड है।
ऑस्ट्रेलिया के एडम वाल्टन ने दूसरे सेट में अल्काराज को कड़ी चुनौती दी। यह सेट टाईब्रेकर तक गया, लेकिन स्पेन के इस दिग्गज खिलाड़ी ने जल्द ही स्थिति संभाल ली और अंततः 6-3, 7-6 (2), 6-2 से मुकाबला अपने नाम किया।
महिला वर्ग में सबालेंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने पहले तीन गेम गंवा दिए, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए तियांतसोआ राकोटोमांगा राजाओनाह को 6-4, 6-1 से पराजित किया। इस मुकाबले को देखने के लिए दिग्गज खिलाड़ी रॉड लेवर और रोजर फेडरर भी दर्शकों के बीच मौजूद थे।
वीनस विलियम्स वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में 45 वर्ष की उम्र में महिला एकल मैच खेलने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनीं, लेकिन उन्हें तीन सेट तक चले मुकाबले में ओल्गा डैनिलोविच के खिलाफ 7-6 (5), 3-6, 4-6 से हार झेलनी पड़ी। तीसरे सेट में वीनस एक समय 4-0 से आगे थीं, लेकिन डैनिलोविच ने शानदार वापसी करते हुए मैच पलट दिया।
वीनस ने इस दौरान सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनने के मामले में जापान की किमिको दाते (44 वर्ष) का रिकॉर्ड तोड़ा।
मैच के बाद वीनस ने कहा, “मुझे आज के अपने प्रदर्शन पर वास्तव में गर्व है। मैं हर अगले मैच में बेहतर खेल रही हूं और फिलहाल अपने खेल को और निखारने पर ध्यान दे रही हूं।”
पुरुष वर्ग में पिछले साल के उपविजेता और तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने कनाडा के 24 वर्षीय गैब्रियल डियालो के खिलाफ खराब शुरुआत के बाद जोरदार वापसी की और 6-7 (7), 6-1, 6-4, 6-2 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही वह लगातार दसवें साल ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे।
ज्वेरेव ने मैच के बाद कहा, “सच कहूं तो ड्रॉ देखने के बाद मैं बिल्कुल खुश नहीं था। पहले सेट में मेरा प्रदर्शन काफी खराब रहा। इसके बाद मैंने अपने खेल में सुधार किया। डियालो युवा, प्रतिभाशाली और बेहद आक्रामक खिलाड़ी है।”
महिला वर्ग में सातवीं वरीयता प्राप्त जैस्मीन पाओलिनी ने पहले दौर में अलेक्जेंड्रा सासनोविच को 6-1, 6-2 से हराया। इटली की इस खिलाड़ी को यह मुकाबला जीतने में कोई खास परेशानी नहीं हुई। उन्होंने पहला सेट महज 27 मिनट में अपने नाम किया।
इटली के विश्व रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज फ्लावियो कोबोली टूर्नामेंट से बाहर होने वाले पहले वरीयता प्राप्त पुरुष खिलाड़ी बने। उन्हें ब्रिटिश क्वालीफायर आर्थर फेरी ने 7-6 (7), 6-4, 6-1 से पराजित किया।
इसके अलावा 18वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसिस्को सेरुंडोलो ने झांग झिझेन को 6-3, 7-6 (0), 6-3 से हराया, जबकि 32वीं वरीयता प्राप्त कोरेंटिन माउटेट ने ट्रिस्टन स्कूलकेट को 6-4, 7-6 (1), 6-3 से शिकस्त दी।
पुरुष वर्ग में नंबर 29 फ्रांसेस टियाफो ने जेसन कुबलर को 7-6 (4), 6-3, 6-2 से हराया, जबकि माइकल झेंग ने सेबास्टियन कोर्डा को रोमांचक मुकाबले में 6-4, 6-4, 3-6, 6-7 (0), 6-3 से पराजित किया।
महिला वर्ग में 12वीं वरीयता प्राप्त एलिना स्वितोलिना ने क्रिस्टीना बुक्सा को 6-4, 6-1 से हराया, जबकि मारिया सकारी ने लियोलिया जीनजीन को 6-4, 6-2 से मात दी।
विंबलडन की पूर्व चैंपियन मार्केटा वोंद्रोसोवा ने कंधे की चोट के कारण पहले दौर के मैच से पहले ही टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया। इससे क्वालीफायर टेलर टाउनसेंड को मुख्य ड्रॉ में जगह मिली, लेकिन उन्हें अमेरिकी खिलाड़ी हैली बैपटिस्ट के खिलाफ 6-3, 6-7 (3), 6-3 से हार का सामना करना पड़ा।
महिला वर्ग में दो वरीयता प्राप्त खिलाड़ी पहले दौर में ही बाहर हो गईं। एल्सा जैक्वेमोट ने नंबर 20 मार्टा कोस्त्युक को 6-7 (4), 7-6 (4), 7-6 (7) से हराया, जबकि तुर्की की क्वालीफायर जेनप सोनमेज ने नंबर 11 एकातेरिना एलेक्सांद्रोवा को 7-5, 4-6, 6-4 से उलटफेर का शिकार बनाया।
