अगले साल गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत तय: केजरीवाल

वडोदरा, 19 जनवरी । आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दावा किया कि वर्ष 2027 के गुजरात विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जीत हासिल कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने गुजरात में अपने 30 वर्षों के शासन के दौरान राज्य को “बर्बाद” कर दिया है और समाज के हर वर्ग का अपमान किया है।

वडोदरा में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि गुजरात कभी देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल था, लेकिन भाजपा शासन में किसान, युवा और गरीब वर्ग सबसे अधिक पीड़ित हैं। उन्होंने कहा, “इन 30 सालों में उन्होंने सबकुछ बर्बाद कर दिया और समाज के हर वर्ग का अपमान किया। यह लड़ाई सत्ता की नहीं, गुजरात के सम्मान और गुजरातियों के आत्मसम्मान की लड़ाई है।”

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह किसी एक पार्टी को हटाकर दूसरी को सत्ता में लाने की लड़ाई नहीं है, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है और आम आदमी पार्टी उस बदलाव का माध्यम बनेगी।

केजरीवाल ने सभा को संबोधित करने से पहले 18 जनवरी, 2024 को हरनी झील में हुए नौका हादसे के पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। इस हादसे में 12 स्कूली बच्चों और दो शिक्षकों की मौत हो गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल को आम लोगों की नहीं, बल्कि ठेकेदारों की चिंता है।
उन्होंने कहा, “12 बच्चों की जान चली गई, लेकिन न तो किसी को मुआवजा मिला और न ही किसी को सजा।”

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस हादसे से जुड़े दो परिवारों की महिलाएं मुख्यमंत्री से मिलने गई थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया और दो दिन बाद उनके घर गिरा दिए गए।

केजरीवाल ने गुजरात के आदिवासी इलाकों को राज्य का सबसे पिछड़ा क्षेत्र बताते हुए आरोप लगाया कि उनके विकास के लिए आवंटित धनराशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देदियापाड़ा से ‘आप’ विधायक द्वारा सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में सामने आया कि नर्मदा जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक रैली पर आदिवासी कल्याण कोष से 50 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
उन्होंने कहा कि इसमें दो करोड़ रुपये समोसे पर, पांच करोड़ रुपये टेंट पर और सात करोड़ रुपये मंच पर खर्च किए गए।

आप प्रमुख ने सत्तारूढ़ भाजपा पर आरोप लगाया कि आदिवासियों के लिए आवंटित धन की “चोरी” की जा रही है और सरकार भय का माहौल बनाकर, अत्याचार और अपमान के जरिए लोगों को नियंत्रित कर रही है।

केजरीवाल ने राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह कुछ करने में असमर्थ है। उन्होंने आरोप लगाया, “कांग्रेस कुछ भी नहीं कर सकती क्योंकि पार्टी के लोगों को ही सरकारी ठेके मिलते हैं।”

केजरीवाल ने दोहराया कि उन्हें पूरा विश्वास है कि 2027 के गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *