अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन में शामिल होंगे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

लखनऊ, 18 जनवरी । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय 86वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारी सम्मेलन तथा राज्य विधानमंडलों और विधान परिषदों के सचिवों के 62वें सम्मेलन में शामिल होंगे। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम की मेजबानी उत्तर प्रदेश विधानमंडल करेगा।

राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के अनुसार, देशभर के विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी, सचिव और अन्य प्रतिष्ठित प्रतिनिधि सम्मेलन में विधायी प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं, सदन के संचालन, सुशासन और अन्य समकालीन विधायी विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

बयान में कहा गया है कि सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह और उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना सहित विभिन्न राज्यों के अन्य पीठासीन अधिकारी, अध्यक्ष और सचिव भाग लेंगे।

सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन 19 जनवरी को विधान भवन में होगा। उद्घाटन सत्र के दौरान संवैधानिक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में एक प्रदर्शनी का उद्घाटन, समूह फोटो तथा विभिन्न समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बयान के अनुसार, 20 जनवरी को पूर्ण सत्र के दौरान निर्धारित एजेंडे पर विस्तृत चर्चा होगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन प्रस्तावित है।

सम्मेलन के तीसरे दिन, 21 जनवरी को आयोजित समापन सत्र में पीठासीन अधिकारियों के संबोधन होंगे। इस दौरान विधायी परंपराओं, संसदीय नवाचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन के समापन के बाद प्रतिभागी 22 जनवरी को अयोध्या धाम का भ्रमण करेंगे।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *